सड़क, नाली, सामुदायिक भवन नगर के विकास की रीढ़ है: विजय शर्मा

भास्कर न्यूज | कवर्धा शहर के अंबेडकर चौक से समनापुर मार्ग तक बीटी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। इस परियोजना पर 2 करोड़ 60 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। 20 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सड़क, नाली और सामुदायिक भवन जैसी आधारभूत सुविधाएं नगर विकास की रीढ़ हैं। समनापुर पुल तक बनने वाली नई सड़क से आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि अंबेडकर चौक के पास 30 लाख की लागत से सियान सदन बनाया जाएगा। शहर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए भी 20-20 लाख रुपए की स्वीकृति प्रस्तावित है। कवर्धा कॉलेज परिसर में 4.5 करोड़ की लागत से आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी (नालंदा परिसर) निर्माणाधीन है। घोटिया क्षेत्र में 354 करोड़ रुपए की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण प्रारंभ हो चुका है। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि समनापुर मार्ग जर्जर स्थिति में था, जिससे लोगों को कठिनाई होती थी। अब 2.60 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कवर्धा शहर चहुंमुखी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कमजोर परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 को लेकर घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इस योजना से शहरी क्षेत्रों में निवासरत गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास मिलेगा। उन्होंने बताया कि जो लोग वर्तमान में जिस भूमि पर काबिज हैं और समेकित कर, बिजली बिल या संपत्ति कर जमा कर रहे हैं अथवा जिनके पास पुराना पट्टा है लेकिन नवीनीकरण नहीं हुआ है, ऐसे पात्र लोगों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा। नगर पालिका द्वारा कब्जा प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा, जिससे आवास स्वीकृति में कोई बाधा नहीं आएगी। योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जो 31 अगस्त 2024 से पूर्व आबादी भूमि पर निवासरत हैं। जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक है। जिनके पास देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं है, वही पात्र होंगे। पूर्व में किसी आवास योजना का लाभ ले चुके हितग्राही इस योजना के लिए अपात्र रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *