सड़क पर विवाद, अगले दिन पेट्रोल पंप पर खूनी झगड़ा, पांच आरोपियों पर केस

लुधियाना|मुंडियां कलां इलाके में सड़क पर वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अगले दिन खूनी झगड़े में बदल गया। आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर घेरकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह, निवासी गोविंद नगर, मुंडियां कलां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 जनवरी को वह अपने दोस्त के साथ कार में सवार होकर 33 फुटा रोड से गुजर रहा था। रास्ते में एक ट्रक खड़ा मिला, जिससे सड़क पर जाम लग गया। बार-बार हॉर्न देने के बावजूद ट्रक चालक ने वाहन नहीं हटाया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहसबाजी हो गई और बाद में ट्रक चालक ने वाहन हटा लिया। पीड़ित के अनुसार, अगले दिन वह इलाके के एक पेट्रोल पंप पर गया, जहां वही युवक पहले से मौजूद था। आरोपी ने पुरानी रंजिश निकालते हुए अपने साथियों को बुला लिया और गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। घटना के बाद पीड़ित ने थाना जमालपुर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सतवीर सिंह, राहुल, धीरज, सेवक और करण कुलविंदर के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमला करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी गुरसाहिब प्रीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *