सड़क पर हंगामा, कांग्रेस जिलाध्यक्षों समेत 7 पर एफआईआर

क्राइम रिपोर्टर | बिलासपुर सामान्य सभा में प्रदर्शन और हंगामे के बाद कांग्रेस के शहर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष समेत 7 के खिलाफ पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज की है। इसके अलावा वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नगर निगम की तीसरी सामान्य सभा की बैठक शुक्रवार को बुलाई गई थी। लखीराम ऑडिटोरियम में सामान्य सभा के बीच लिंगियाडीह में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही और पेयजल की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ऑडिटोरियम के बाहर जिनके अतिक्रमण ध्वस्त हुए थे, उनके लिए कांग्रेस नेता और स्थानीय पार्षद धरने पर बैठ गए। बाहर सड़क पर प्रदर्शन के कारण मिशन अस्पताल रोड पूरी तरह बाधित रही। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी और एनएसयूआई के पदाधिकारी भी मौजूद थे। इसके अगले दिन पुलिस ने कांग्रेस के शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, पार्षद दिलीप पाटिल, विक्की आहूजा, शहजादा खान, रंजीत सिंह, अर्पित केशरवानी समेत अन्य के खिलाफ बलवा का मामला दर्ज किया। ^जनहित की कोई भी लड़ाई लड़ने से हम पीछे नहीं हटेंगे। कुशासन की सरकार हमें एफआईआर से डराने का प्रयास न करे। उनका काम आमजनों की आवाज दबाना है। हम आमजनों की आवाज सतत उठाते रहेंगे। कांग्रेस हमेशा गरीबों की लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ती रहेगी। – सिद्धांशु मिश्रा, शहर जिला अध्यक्ष कांग्रेस ^लखीराम ऑडिटोरियम में बिना किसी पूर्व सूचना और अनुमति के कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया। इससे सड़क से गुजरने वालों को असुविधा हुई। इसे लेकर 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। – पंकज पटेल, एएसपी सिटी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *