पलामू पुलिस ने पांकी थानाक्षेत्र के कारीमाटी घाटी से चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, चार गोली, दो बाइक और फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुए हैं। एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे हैं। इस पर लेस्लीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गिरफ्तार आरोपियों में पाटन थानाक्षेत्र के बरसैता गांव का जितेंद्र यादव उर्फ चरका, नावाजयपुर के कौलुआ गांव का निखिल सिंह, सतबरवा का महफूज अहमद और राहुल वर्मा शामिल हैं। जांच में पता चला कि एक बाइक सतबरवा से चोरी की गई थी। जितेंद्र और निखिल ने बिहार के औरंगाबाद में भारत माला प्रोजेक्ट के तहत सड़क निर्माण में रंगदारी के लिए फायरिंग की थी। जितेंद्र पर पड़वा, पाटन और तरहसी थाने में मामले दर्ज हैं। राहुल पर रेहला थाने में तीन और पाटन में एक केस है। निखिल पर तरहसी थाने में एफआईआर दर्ज है।


