गुड़ामालानी क्षेत्र के बांटा-गुड़ामालानी रोड पर मंगलवार की दोपहर को करीब 2:30 बजे सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। रामदेव मंदिर के पास रॉन्ग साइड से आ रही एक तेज रफ्तार काले रंग की एसयूवी ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक और उसके साथ बैठे बुजुर्ग हवा में उछलकर सड़क किनारे लगी तारबंदी के ऊपर से होते हुए सीधे खेत में जा गिरे। हादसे में बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। भीड़ को आता देख चालक गाड़ी सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। बहन के ससुर को बस स्टैंड छोड़ने जा रहा था पलियाली निवासी भंवरलाल (33) पुत्र गुणेशाराम अपनी छोटी बहन के ससुर ईशराम (55) रूड़ाराम निवासी रामपुरा (जालोर) को गुड़ामालानी बस स्टैंड छोड़ने के लिए जा रहा था। रास्ते में रामदेव मंदिर के पास उनके चाचा देवाराम खड़े थे। भंवरलाल ने वहां बाइक रोकी,इसी दौरान सामने से आ रही अनियंत्रित एसयूवी ने तीनों को चपेट में ले लिया। भंवरलाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। ईशराम और देवाराम को सांचौर रेफर किया। सांचौर अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने ईशराम को मृत घोषित कर दिया। जबकि देवाराम का इलाज चल रहा है। भंवरलाल हैदराबाद में स्टील रेलिंग का काम करता था। पूरे परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। एक बेटा और एक बेटी है। घर में जागरण में शामिल होने वह 26 जनवरी को गांव आया था।


