झोटवाड़ा में 9 घंटे के भीतर 2 बड़े हादसों में महिला सहित 4 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे खिरणी फाटक गणेश मंदिर के पास पूरी रात शराब पीने के बाद ट्रैक्टर चला रहे चालक ने रॉन्ग साइड आकर महिला और एक मजदूर को कुचल दिया। इससे पहले सोमवार रात 12 बजे महाराणा प्रताप स्कूल चौराहा पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मारकर फरार हो गए। कौशल्या सब्जी ले रही थीं, आदित्य इंतजार कर रहे थे, तभी रौंद दिया खिरणी फाटक गणेश मंदिर मंगलवार सुबह करीब 9 बजे रॉन्ग साइड दौड़ रहे ट्रैक्टर ने रोड किनारे खड़ी सीता विहार निवासी 59 वर्षीय कौशल्या देवी और गणेश नगर नींदड़ निवासी 35 वर्षीय आदित्य नागवंशी को कुचल दिया। दोनों को एसएमएस अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर चालक एमपी निवासी सुधीर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वह एक निजी कंपनी का ट्रैक्टर चला रहा था और शराब के नशे में धुत था। उसने 218 एमएल शराब पी रखी थी। कौशल्या देवी रिटायर्ड एसआई नथूराम सैनी की पत्नी थीं। वे सुबह घर से करीब एक किलोमीटर पैदल सब्जी लेने गई थीं और ठेले के पास खड़ी थीं। आदित्य मूल रूप से एमपी के रहने वाले थे और लंबे समय से नींदड़ इलाके में रहकर मजदूरी करते थे। वे बाइक खड़ी कर सड़क पार किसी का इंतजार कर रहे थे। पिता ने 22 दिन पहले कोचिंग जाने को मोहित को दिलाई थी स्कूटी महाराणा प्रताप स्कूल चौराहा सोमवार रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी और चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार दोनों युवक 20 फीट दूर जाकर गिरे। दुर्घटना थाने के एसएचओ रामकृपाल मीणा ने बताया कि नीम का थाना निवासी 23 वर्षीय मोहित शर्मा को कांवटिया अस्पताल और भरतपुर के कुम्हेर निवासी 40 वर्षीय वीरेंद्र सिंह को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। दोनों पांच्यावाला के पास एक ही मकान में किराए से रहते थे। सोमवार रात कालवाड़ रोड पर खाना खाने जा रहे थे। वीरेंद्र निजी कंपनी में नौकरी करते थे, जबकि मोहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। मोहित को कोचिंग आने-जाने के लिए 22 दिन पहले ही स्कूटी दिलाई गई थी। पुलिस ने मोहित के पिता कमलेश कुमार की तरफ से हिट एंड रन की धाराओं में केस दर्ज कर स्कॉर्पियो की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। भास्कर इनसाइड 2025 में दुपहिया से 309 मौत चौपहिया से 688; इनमें 35 मौतें एसयूवी और थार की टक्कर से हुई। किस गाड़ी से कितने हादसे
लग्जरी कार -10
थार-स्कॉर्पियो -185
हैचबैक – 295
अन्य एसयूवी – 95 चौपहिया सबसे घातक
दुपहिया से मौत- 309
चौपहिया से मौत -688
ट्रक-बस से मौत -560


