पाली में एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां उनका उपचार जारी है। घटना को लेकर घायल के परिजनों ने बताया कि पाली के बजरंगबाड़ी निवासी 30 साल का मनोहर पुत्र श्रवण खारवाल अपनी 25 साल की पत्नी पूजा, 10 साल के बेटे युवराज और बहन के 5 साल के बेटे कबीर को लेकर बाइक से मांडा (सोजतरोड) के निकट स्थित धार्मिक स्थल पर दर्शन करने गए थे। मंगलवार देर शाम को वापस पाली आ रहे थे। इस दौरान जाडन के निकट हाइवे पर ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में चारों बाइक से नीचे गिरकर घायल हो गए। जिन्हें एम्बूलेंस से उपचार के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां दोनों बच्चों और पूजा को प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई। लेकिन मनोहर के सिर और बॉडी में कई जगह गंभीर चोटे लगी। जिसका फिलहाल उपचार जारी है। इधर घटना की जानकारी मिलने पर घायल के परिजन बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। मनोहर की हालत देख वे रोने लगे। जिन्हें साथ आए अन्य रिश्तेदारों ने संभाला।


