सड़क हादसों में पांच युवकों की मौत, एक गंभीर:आरंग में डिवाइडर से टकराकर पोल से भिड़ी कार, तीन की मौत; कोरबा में दो की जान गई

राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर पारागांव के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार ने तीन युवकों की जान ले ली। महासमुंद से आरंग लौट रही कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उछलकर सड़क के दूसरी ओर बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में सरागांव (छुरा) निवासी हर्ष कुमार देवांगन (21) और राहुल देवांगन (20) के साथ आरंग (ओडका) निवासी थानू सतनामी (22) की मौके पर मौत हो गई। वहीं सरागांव निवासी मिथलेश धीवर (23) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। आरंग पुलिस के अनुसार चारों युवक महासमुंद में एक रिश्तेदार को छोड़कर लौट रहे थे। पारागांव के पास ड्राइवर ने कार से अचानक नियंत्रण खो दिया। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार सामने आई है। क्षतिग्रस्त वाहन सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया। कोरबा में ट्रेलर चालक और बाइक चालक की मौत जिले में बायपास सड़कों पर शुक्रवार की रात हादसों की रात साबित हुई। दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक ट्रेलर चालक और एक बाइक सवार की जान चली गई। पहली घटना शुक्रवार रात करीब 1 बजे मुड़ापार बायपास के शारदा मोड़ के पास हुई। जशपुर जिले के कांसाबेल निवासी कमलेश सिंह (40), जो पेशे से ट्रेलर चालक था, सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान टक्कर से कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र के ढेलवाडीह बायपास पर रात करीब 11 बजे हुआ। लखनपुर निवासी उत्तम कुमार (41) अपनी बाइक से जा रहा था। अरदा मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में उत्तम की मौके पर ही मौत हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *