सतना के सर्किट हाउस चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यह प्रदर्शन लोकसभा में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में किया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन करने का प्रयास किया। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी पुतले की आग की चपेट में आ गया। इस घटना के बाद सीएसपी महेंद्र सिंह और कांग्रेसियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। ऐसे बिगड़ी बात बात तब बिगड़ी जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले पर पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास किया। पुतले के पास खड़े एक पुलिसकर्मी के पैर तक आग की लपटें पहुंच गईं। इससे पुलिसकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ने से सर्किट हाउस चौराहे पर लंबा जाम लग गया। एसडीएम को ज्ञापन देने के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि, घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने आगे ऐसे प्रदर्शन रोकने के लिए सख्त कदम उठाने का संकेत दिया है।


