सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 8 जनवरी को नागौद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह अपनी नानी, छोटी बहन और छोटे भाई के साथ रहती है। ग्राम पतौरा निवासी दीपांशु सिंह परिहार उर्फ रीशू सिंह (24 वर्ष) लंबे समय से स्कूल आते-जाते समय उसका पीछा कर परेशान कर रहा था।पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 12 नवंबर 2025 की रात करीब 1 बजे जब वह घर के पीछे बने बाथरूम जा रही थी, तब आरोपी ने उसे अकेला पाकर पकड़ लिया और जबरदस्ती करने की कोशिश की। इसके अलावा, 7 जनवरी की शाम को भी आरोपी ने अंधेरा पाकर उसे फिर से पकड़ा। छोटी बहन द्वारा विरोध करने पर आरोपी अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया था। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश कर उसे 10 फरवरी को गिरफ्तार किया। आरोपी दीपांशु सिंह परिहार योगेन्द्र सिंह परिहार का पुत्र है।


