सतना और पन्ना जिले की सीमा पर बसे जसो थाना क्षेत्र के ग्राम रिछुर के मझरा टोला में वृद्ध की कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी गई। पूरा विवाद बाढ़ बढ़ाने को लेकर हुआ था। टीआई जसो रोहित यादव ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले तेजइयां पिता जंगी (65) ने सहइयां पर हमला किया है। तेजइयां ने अपनी बाड़ी बढ़ा कर सहइयां की जमीन तक लगा ली थी। इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। बुधवार को सहइयां के परिवार के सदस्य शादी में जसो गए थे। सहइयां घर पर अकेला था। इसी दौरान तेजइयां ने बाड़ी और झाड़ी की सफाई शुरू कर दी। सहइयां ने ऐतराज जताया, जिसके बाद झगड़ा शुरू हो गया। अकेला पाकर तेजइयां और उसके परिवार ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गांव के लोगों ने इसकी जानकारी उसके बेटे और पुलिस को दी। उसे गंभीर हालत में सलेहा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। टीआई ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि जिस वक्त सहइयां खून से लथपथ पड़ा था,उसी समय तेजइयां को हाथ में कुल्हाड़ी लिए घूमते देखा गया था। घटना की जांच की जा रही है।


