औद्योगिक थाना पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने और आम जनता के बीच सुरक्षा का एहसास दिलाने के लिए सोमवार शाम को पैदल मार्च निकाला। थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी की अगुवाई में पुलिस की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र, सतलापुर चौराहा और शुक्रवारा बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में करीब 6 किलोमीटर तक पैदल गश्त की। इस मार्च का खास मकसद अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ पैदा करना और आम लोगों को निडर बनाना था। पैदल मार्च के दौरान पुलिस ने रास्ते में खड़े हाथ ठेला वालों और ऑटो चालकों को भी समझाया कि वे अपने वाहन सही तरीके से खड़े करें ताकि ट्रैफिक जाम न हो और लोगों को आने-जाने में परेशानी न आए। नुक्कड़ सभा में दी साइबर ठगी से बचने की सीख सतलापुर चौराहे पर मार्च के दौरान थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने एक छोटी सी सभा भी की, जहां उन्होंने लोगों को आजकल बढ़ रहे साइबर क्राइम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों को कुछ जरूरी बातें बताईं- किसी भी अनजान लिंक या वेबसाइट को न खोलें। अनजान ऐप या सॉफ्टवेयर को फोन में डाउनलोड करने से बचें। अपनी निजी जानकारी या बैंक का ओटीपी किसी को भी न दें। व्हाट्सएप पर आने वाली लुभावनी स्कीमों या लॉटरी के झांसे में न आएं। सार्वजनिक वाईफाई (Public Wi-Fi) का इस्तेमाल करते समय सावधान रहें। पुलिस की इस पहल से स्थानीय लोगों ने काफी राहत महसूस की।


