भास्कर न्यूज | गिरिडीह मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोग बड़ी संख्या में बीमार हो रहे हैं। सदर अस्पताल में प्रत्येक दिन 100 से 200 मौसमी बीमारी के मरीज आ रहे हैं। ओपीडी में शनिवार को आए करीब 275 मरीजों में अधिकतर मरीज बुखार के साथ खांसी, गले में संक्रमण की समस्या से ग्रसित मिले। इस माह 24 मई तक करीब 3000 ऐसे मरीज पहुंचे जो बुखार, खांसी और गले की परेशानी से पीड़ित थे। निजी क्लिनिकों में भी ऐसे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सिविल सर्जन डॉ. एसपी मिश्रा ने बताया कि तापमान में गिरावट से शरीर में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। तापमान में उतार-चढ़ाव से वायरस सक्रिय हो जाते हैं। इसलिए हाथों को नियमित रूप से धोएं और साफ-सफाई बनाए रखें। गर्मी और बारिश के मौसम में दूषित पानी और भोजन से बचें। तापमान में बदलाव के अनुसार कपड़े पहनें। अगर आपको कोई बीमारी या लक्षण महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। गर्म पानी पीएं, ताजा खाना खाएं और धूप से आने पर फ्रिज का पानी न पीएं: डॉ. नीता डॉ नीता कुमारी ने कहा कि तापमान में अचानक कमी और वृद्धि से शरीर का तापमान नियंत्रित नहीं रह पाता है। जिसके कारण वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा धूल और प्रदूषण भी इन बीमारियों को बढ़ावा दे रहा है। स्वास्थ्य विभाग लोगों से अपील करती है कि स्वस्थ और पौष्टिक आहार लें, जिसमें फल, सब्जियां और पर्याप्त पानी शामिल हो। गर्म पानी पिएं, ताजा खाना खाएं और धूप से आने पर फ्रिज का पानी न पिएं। घर से बाहर निकलते समय अच्छी क्वालिटी का मास्क पहने।


