सदान मोर्चा ने ओबीसी सर्वेक्षण में लगाया अनियमितता का आरोप

मूलवासी सदान मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने ओबीसी सर्वेक्षण में अनियमितता बरते जाने की शिकायत सीएम​ हेमंत सोरेन से की है। सीएम को लिखे पत्र में उन्होंने इसे ओबीसी समाज के साथ धोखा और उनके अधिकारों से खिलवाड़ बताया है। उन्होंने अपने पत्र में अखबारों में छपी खबरों का हवाला दिया है। कहा है कि रघुवर सरकार के दौरान पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या का आंकड़ा संग्रहित करने और प्रतिवेदन देने के लिए प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने सभी जिलों को पत्र भेजा था। जिसमें पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या का आंकड़ा संग्रहित कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया था। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने भी 28 दिसंबर 2018 को राज्य सरकार को पत्र भेजकर पिछड़ी जातियों की जनसंख्या के आंकड़े संग्रहित करने की मांग की थी। सीएम से आग्रह किया है कि 2019 में कार्मिक विभाग द्वारा कराए गए ओबीसी सर्वेक्षण की रिपोर्ट सभी उपायुक्तों से मंगवाई जाए। यदि सर्वेक्षण नहीं हुआ हो, तो उदासीनता बरतने वाले अफसरों पर कार्रवाई की जाए। प्रसाद ने आग्रह किया है कि पिछड़ी जातियों की जनसंख्या का आंकड़ा उपायुक्तों के जरिए ही संग्रहित कराया जाए। उन्होंने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को भी सुझाव दिया है कि वह ओबीसी सर्वेक्षण के लिए सीधे प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग को पत्र लिखे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *