समाज बंधुओ एवं विवाह योग्य युवक- युवतियों के पालकों के समय एवं धन की बचत के उद्देश्य से श्री सनाढ्य ब्राह्मण सभा इस वर्ष भी युवक- युवती परिचय सम्मेलन आयोजित करेगी। यह आयोजन राज्य के सभी प्रमुख समाज बहुल जिलों में एक ही दिन, एक ही समय एवं एक ही परिचय पुस्तिका के आधार पर कराने का निर्णय लिया है। इंदौर में 12 जनवरी को सुबह 10 बजे से राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन पर होने वाले इस सम्मेलन का न्यौता समाज के बंधुओं को पीले चावल सहित देने का सिलसिला आज से शुरू कर दिया गया है। श्री सनाढ्य ब्राह्मण सभा इंदौर के अध्यक्ष पं. देवेंद्र शर्मा एवं महासचिव पं. संजय जारोलिया ने बताया कि सनाढ्य ब्राह्मण समाज का यह 15वां परिचय सम्मेलन होगा, जिसमें 2 हजार से अधिक उच्च शिक्षित युवक-युवती प्रत्याशियों के भाग लेने की उम्मीद है। गत वर्ष हुए सम्मेलन में करीब 200 रिश्ते हुए थे। इस बार भी इंदौर के साथ भोपाल, उज्जैन एवं कुछ अन्य जिलों में परिचय सम्मेलन एक ही दिन अर्थात 12 जनवरी को, एक ही समय अर्थात सुबह 10 बजे और एक ही परिचय पुस्तिका के आधार पर होंगे। गत वर्ष भी समाज स्तर पर किया गया यह प्रयोग काफी सार्थक एवं उपयोगी रहा है। उपाध्यक्ष पं. भगवती शर्मा, पं. अनिल शर्मा एवं वंदना शर्मा ने बताया कि इंदौर में होने वाले इस सम्मेलन की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी है। देश-विदेश से प्रविष्टियां मिलने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। संस्था के महिला मंडल की ओर से नीति दुबोलिया, उषा जोशी, सीमा शर्मा, वंदना शर्मा, पूर्णिमा शर्मा, घनिष्ठा शर्मा, सरिता वशिष्ठ एवं सुनीता उपाध्याय के मार्गदर्शन में अलग-अलग टीमों ने शहर के सनाढ्य बहुल क्षेत्रों में पीले चावल सहित घर-घर पहुंचकर परिचय सम्मेलन का न्यौता दिया। सनाढ्य सभा के तत्वावधान में विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया है। अनुमान है कि 2 हजार प्रविष्टियों के साथ इंदौर सम्मेलन में 5 हजार से अधिक समाजबंधु आएंगे। इस अवसर पर बहुरंगी परिचय पुस्तिका प्रकाशन भी किया जा रहा है, जिसमें प्रत्याशियों के सचित्र विवरण दर्ज किए गए हैं। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी ऑनलाइन प्रविष्टियां ली गई हैं।


