सपनों का पीछा कर मुंबई पहुंचे श्याम निर्मल:बॉलीवुड में बनाई अलग पहचान, बोले- प्रोडक्शन वाले कई साल तक डेट्स ही देते रहे

जयपुर के एक साधारण परिवार में जन्मे श्याम निर्मल ने अपने सपनों को साकार करने के लिए जो संघर्ष किया, वह लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है। वीडियो एडिटिंग और छोटे प्रोजेक्ट्स से अपने करियर की शुरुआत करने वाले श्याम ने अपनी मेहनत और लगन से बॉलीवुड में एक अलग पहचान बनाई। अपनी क्रिएटिव सोच और लेखन प्रतिभा के दम पर उन्होंने सोनू सूद जैसे दिग्गज अभिनेता के साथ फिल्म ‘फतेह’ के सह-लेखक के रूप में अपनी जगह बनाई। साइबर क्राइम जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित यह फिल्म उनकी मेहनत और रचनात्मकता का बेहतरीन उदाहरण है। श्याम ने कहा कि जयपुर में छोटे-बड़े प्रोजेक्ट्स करने के बाद मैंने मुंबई का रुख किया। शुरुआत में काफी संघर्ष करना पड़ा। रहने और काम दोनों के लिए संघर्ष करते हुए कई प्रोडक्शन हाउस के चक्कर लगाए। वे मुझे डेट देते और मैं उन डेट्स को अपनी डायरी में रिकॉर्ड कर लेता। कुछ काम मिले लेकिन उनसे ज्यादा फायदा नहीं हुआ। लेकिन मैंने उम्मीद और विश्वास कभी नहीं छोड़ा और लगातार अपनी कोशिशें जारी रखी। उन्होंने कहा कि फिल्म ‘फतेह’ के साथ दो साल का यह सफर बहुत अनुभव भरा और शानदार रहा। सोनू सूद के साथ घंटों स्क्रिप्ट और डायलॉग्स पर चर्चा होती थी, चाहे वे ऑफिस में हों, जिम में हों, कार में हों या उनके घर पर। लेखन के दौरान जरूरत पड़ने पर शूटिंग के समय भी बदलाव करने पड़ते हैं। सोनू सर क्रिएटिव और बहुत सपोर्टिव हैं। उनसे मैंने बहुत कुछ सीखा। यह फिल्म साइबर क्राइम पर आधारित है। साइबर माफिया और उनकी दुनिया पर केंद्रित यह कहानी एक आम इंसान से जुड़ी है, जो इस अपराध के खिलाफ खड़ा होता है। साइबर क्राइम का जाल आज अमीर-गरीब हर इंसान को प्रभावित कर रहा है। फिल्म लिखते समय मुझे यह महसूस हुआ कि यह विषय कितना जरूरी और प्रासंगिक है। श्याम ने कहा कि बचपन से ही कहानियां पढ़ने, फिल्में देखने और अपने हिसाब से लिरिक्स व सीन्स बदलने का शौक था। धीरे-धीरे मैंने कविताएं और कहानियां लिखना शुरू किया। जयपुर में रहते हुए कई शॉर्ट फिल्म्स, डॉक्युमेंट्रीज और ऐड फिल्म्स बनाई। लेखन और निर्देशन दोनों से लगाव था, इसलिए यह काम खुद करना शुरू किया। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग देखने और टीम के काम करने के तरीके को समझने का एक्साइटमेंट हमेशा बना रहा। ‘फतेह’ के दौरान डीओपी विन्सेन्जो की शॉट टेकिंग, ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ के एक्शन डायरेक्टर ली का काम और सोनू सर के विजन और कनविक्शन ने मुझे सबसे ज्यादा प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि मेरी आने वाली फिल्म ‘कंट्रीमैन’ एक सोल्जर की कहानी है। इसके अलावा, वेब सीरीज ‘चौसर’ और ‘सिविल वॉर’ भी प्रोडक्शन में है। ये सभी प्रोजेक्ट्स जल्द ही सभी के सामने होंगे। मेरे माता-पिता भगवत प्रसाद और हरप्यारी देवी और मेरी पत्नी कुसुम ने मुझे हमेशा सपोर्ट और हिम्मत दी। उनकी दुआओं और प्रेरणा ने मुझे यहां तक पहुंचने में मदद की।
उन्होंने कहा कि फिल्म की रिलीज के बाद काफी खुशी और संतोष है। जैकलीन फर्नांडिस, विजय राज और नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकारों के साथ काम करना अद्भुत अनुभव रहा। दर्शकों से मिल रही सराहना से बहुत खुशी हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *