इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले में भाजपा सरकार चौतरफा घिरती नजर आ रही है। कांग्रेस के बाद अब समाजवादी पार्टी ने भी इस मुद्दे पर मोर्चा खोल दिया है। आज विदिशा में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर प्रदर्शन किया। पार्टी पदाधिकारियों ने अपर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें इंदौर में दूषित जल से हुई 16 लोगों की मौत को गंभीर लापरवाही बताया गया है। सपा नेताओं ने मृतकों के परिजनों को कम से कम 50 लाख रुपए का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। इसके साथ ही, दूषित पानी की आपूर्ति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की गई। समाजवादी पार्टी ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की भी मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि जनजीवन से जुड़ा एक गंभीर अपराध है, जिसकी जिम्मेदारी तय होना आवश्यक है। सपा पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


