राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर जैसाकर्रा स्थित नेचर पार्क के पास सब्जियों से भरा एक माजदा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलते ही पेट्रोलियम पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। जानकारी के अनुसार, वाहन में बड़ी मात्रा में खीरा और मिर्च लदा हुआ था। वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने से सारा सामान सड़क पर बिखर गया। वाहन चालक और उसके एक साथी को हल्की चोटें आईं, जिन्हें पुलिस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की देखिए तस्वीरें सड़क हादसे के बाद खीरा-मिर्च बिखरी दुर्घटना के बाद सड़क पर खीरा और मिर्च बिखरने से वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कई लोग सड़क पर बिखरी सब्जियों को उठाकर अपने साथ ले जाते हुए देखे गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था को सुचारू करने और दुर्घटना स्थल को संभालने में व्यस्त थे। बाद में चारामा पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को हटाया। सड़क पर बिखरी सब्जियों को इकट्ठा कर रास्ता साफ कराया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क दुर्घटनाओं के समय संवेदनशीलता और मानवता का परिचय दें। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की मदद करना और प्रशासन का सहयोग करना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश देता है, जबकि दुर्घटना का लाभ उठाना गलत उदाहरण प्रस्तुत करता है।


