भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर के सब्जी मंडी से नागरा पिंड की तरफ जाने वाली सड़क इन दिनों राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। सड़क की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि यहां से गुजरने वाले हजारों लोगों को हर कदम पर हादसों का डर सताता है। बदहाली का आलम यह है कि सड़क पर पड़े गहरे गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं, वहीं रात के समय स्ट्रीट लाइटें न जलने के कारण पूरा मार्ग अंधेरे में डूबा रहता है। इलाका पार्षद गुरदीप फौजी ने इस गंभीर मुद्दे पर प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे इस सड़क की मरम्मत और लाइटों को लेकर नगर निगम कमिश्नर को लिखित पत्र दे चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद अभी तक समाधान के लिए एक कदम भी नहीं उठाया गया है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। वहीं, स्थानीय निवासियों रोहित, सिकंदर, सिमरन और निर्वेद आदि ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस मार्ग से रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना होता है, लेकिन प्रशासन की लापरवाही ने इसे खतरनाक बना दिया है। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों का डर भी बना रहता है। निवासियों ने पुरजोर मांग की है कि इस रोड की सुध ली जाए और लाइटों को तुरंत ठीक करवाया जाए।


