प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में मंगलवार 11 फरवरी को मतदान होना है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों के बाद छत्तीसगढ़ की जनता-11 फरवरी को नगरीय निकायों के लिए मतदान करके कांग्रेस को फिर एक बार उसके भ्रष्टाचार और कुशासन के लिए कड़ा सबक देने जा रही है। निकायों पर सालों से काबिज रहे कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों की नकारात्मक राजनीति से जनता-जनार्दन में काफी आक्रोश है। इससे पूरे प्रदेश में भाजपा के पक्ष में अभूतपूर्व सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है। भाजपा नगरीय निकायों में अटल विश्वास पत्र में व्यक्त अपने संकल्पों को पूरा कर जनभावनाओं के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों में विकास और जन-सुविधाओं का विस्तार करेगी। वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की जनता निकाय चुनावाें में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी। कांग्रेस पार्टी ने पूरे प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में पूरी आक्रमकता से अपना चुनाव अभियान चलाया। हमारे सभी वरिष्ठ नेता प्रदेश के सभी क्षेत्रों में सड़क मार्ग और हेलीकाप्टर से दौरा कर जनता के बीच गये। पूरी कांग्रेस एकजुट होकर मजबूती से चुनाव लड़ रही है। इसके विपरीत सत्तारूढ़ भाजपा बिखरी हुई दिख रही थी। मुख्यमंत्री के जगदलपुर, रायपुर में रोड शो को जनता ने नकार दिया। यह चुनाव भाजपा सरकार के एक साल की नाकामियों और वादाखिलाफी पर लड़ा गया। सरकार के पास अपनी उपलब्धियों को बताने के लिये कुछ भी नहीं है।