भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा नवरात्रि में इस बार दंतेश्वरी माता के साथ-साथ जिले भर के मंदिरों का दर्शन एक ही जगह पर कर सकेंगे। आज से दंतेवाड़ा में दंतेश्वरी मंदिर का संग्रहालय शुरू हो जाएगा यहां ढोलकल, बारसूर बत्तीसा मंदिर, भैरम बाबा मंदिर, मामा-भांचा मंदिर, दंतेश्वरी मंदिर, माई जी की बगिया, शंखिनी-डंकिनी नदियों का संगम स्थल सब को संग्रहालय में बनाकर तैयार हो गया है। आज से यह लोगों के लिए खोल भी दिया जाएगा। रायपुर, भिलाई के कारीगरों द्वारा संग्रहालय तैयार किया जा रहा है फ़ाइबर से मूर्तियों और मंदिरों का आकार दिया जा रहा है, जिसमें मलखंभ और बस्तर की संस्कृति की छवि भी बनाई गई है। मंदिर कारीडोर के साथ संग्रहालय का निर्माण भी किया जाना था, कारीडोर पहले बनकर तैयार हो गया था, पर संग्रहालय अब बनकर तैयार हुआ है। शारदीय नवरात्रि की अपेक्षा चैत्र नवरात्रि में भक्तों की भीड़ मंदिर में कम रहती है, साथ ही ज्योति कलश भी कम जलते हैं, इस बार 5 हजार ज्योति कलश जलाने की बात मंदिर कमेटी द्वारा कही जा रही है, पर ऑनलाइन और ऑफलाइन में कितने भक्तों ने रसीद कटवाई है यह आज पता चलेगा। प्रदेश के अलावा दूसरे राज्य के भक्त भी नवरात्रि में बड़ी संख्या में दंतेवाड़ा पहुंचेंगे, गर्मी को देखते हुए कारीडोर में अब पंखे भी लगवा दिए गए हैं।


