समदड़ी के ग्राम पंचायत अम्बों का बाड़ा में बुधवार रात्रि को अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की मौजूदगी में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके जमीनी स्तर पर प्रभाव के बारे में ग्रामीणों से प्रतिक्रिया ली। ग्रामीणों ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को पेयजल आपूर्ति में कमी, बिजली कटौती, अतिक्रमण और सड़कों की खराब स्थिति जैसी मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। इन समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर चौहान ने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जिला एवं ब्लॉक स्तर के कई अधिकारी भी उपस्थित थे।


