संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर का 134 वी जन्म जयंती समारोह समरसता दिवस के रूप में भीलवाड़ा शहर सहित जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। आज सुबह से ही अलग-अलग संगठन के लोगों ने बाबा साहब को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके बताए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। डॉ अंबेडकर विचार मंच और संविधान बचाओ संघर्ष समिति द्वारा भीलवाड़ा शहर के सांगानेरी गेट से सोमवार शाम को रैली निकाली गई।मोतीलाल सिंघानिया और पंकज डीडवानिया के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में लोग पैदल और वाहनों पर शामिल हुए सांगानेरी गेट से बड़ा मंदिर, भीमगंज थाना,सूचना केंद्र चौराहा गोल प्याऊ चौराहा होती हुई रैली रेलवे स्टेशन पहुंची जहां अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। रैली में बड़ी संख्या में महिला पुरुष और युवा नीले झंडे लेकर शामिल हुए । घोड़े और बैंड रैली का आकर्षण रहे।रैली के दौरान बाबा साहब अमर रहे , जय भीम जैसे नारे लगते रहे।रैली का मार्ग में कई जगह पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया । यहां रैली आमसभा में बदल गई ।आमसभा में नगर निगम के एक्सईएन आखेराम बड़ोदिया, डीएसपी चंद्रभान बुनकर सहित नगर परिषद के पूर्व सभापति प्यारेलाल खोईवाल मौजूद रहे ।इस दौरान अतिथियों ने आमजन को डॉ अंबेडकर के बताएं मार्ग पर चलने का आह्वान किया । इससे पूर्व आज सुबह से भीलवाड़ा में स्टेशन चौराहा स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर भीलवाड़ा सेवा संस्थान एवं अंबेडकर सेवा समिति द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई।बहुजन समाज पार्टी द्वारा जिलाध्यक्ष रामेश्वर बैरवा की अगुवाई में जिला कलेक्टर कार्यालय से स्टेशन चौराहा तक पैदल मार्च निकाल संविधान निर्माता को पुष्प अर्पित किए । इस दौरान बाबा साहेब के जीवन और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया । अपना मित्र परिषद खटीक समाज द्वारा भी अंबेडकर की जयंती मनाते हुए उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। जिला कांग्रेस कार्यालय में पूर्वी ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश सेन के नेतृत्व में अंबेडकर जयंती मनाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय में मौजूद रहे, अंबेडकर के चित्र पर माला चढ़ाकर पुष्प अर्पित किए गए।इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर के बताएं मार्ग पर चलने का प्रण लिया ।


