टोंक जिले के समरावत प्रकरण में नरेश मीणा समेत बंद अन्य लोगों की रिहाई और अफसरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर नगरफोर्ट में 29 दिसंबर को महापंचायत का आयोजन होगा। हाड़ौती के दिग्गज कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने महापंचायत को लेकर शुक्रवार को लबान में सर्व समाज की बैठक में भाग लिया। उन्होंने कहा कि समरावता केस के पीड़ितों को जल्दी न्याय के साथ नुकसान का पर्याप्त मुआवजा मिलना चाहिए। लाखेरी क्षेत्र के लबान रेलवे स्टेशन के सामने हनुमान मंदिर में समरावता केस को लेकर सर्व समाज की बैठक हुई। इसमें केस के पीड़ितों को जल्दी न्याय और मुआवजे की मांग उठी। बैठक में प्रहलाद गुंजल ने कहा कि समरावता गांव के लोगों को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए। इस केस मे जिन लोगो का नुकसान हुआ है उन्हें पर्याप्त मुआवजा समय पर मिले। इसके लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। गुंजल ने कहा कि समरावता केस में निर्दोषों को शीघ्र रिहाई होनी चाहिए। उन्होंने इस केस की रिटायर्ड मजिस्ट्रेट से न्यायिक जांच की मांग उठाई। गुंजल ने कहा कि जब तक राज्य सरकार ये बात नहीं मानेगी तब तक संर्घष जारी रखेंगे। इसके साथ ही नगर फोर्ट मे 29 दिसंबर को आयोजित महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया है। इस दौरान देईखेड़ा सरपंच राजकुमार मीना, पार्षद उमेश मीना, खरायता सरपंच बद्रीलाल मीना, अशोक मीना सहित सर्व समाज के लोग मौजूद रहे। बैठक के बाद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। कंटेंट: ओमपाल सिंह


