छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा के कंधमाल जिले से माओवादी संगठन में अंदरूनी हिंसा का मामला सामने आया है। दरिंगबाड़ी थाना क्षेत्र के पाकरी रिजर्व फॉरेस्ट में केकेबीएन ग्रुप के एरिया पार्टी कमांडर अन्वेष (22 लाख इनामी) की उसके ही साथियों ने हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, अन्वेष समर्पण की तैयारी में था। इसी शक में उसे मारकर जंगल में दफना दिया गया। जानकारी के अनुसार, अन्वेष अपने करीब 12 साथियों के साथ सरकार की समर्पण नीति के तहत मुख्यधारा में लौटना चाहता था। यह बात संगठन के भीतर पहुंच गई। इसके बाद मोस्ट वांटेड नक्सली सुकुरु और अन्य साथियों ने उसे समझाने के बजाय रास्ते से हटाने का फैसला किया। दोनों पक्षों में विवाद हुआ और अन्वेष की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव दफनाया हत्या के बाद शव को पाकरी रिजर्व फॉरेस्ट में गुपचुप तरीके से दफना दिया गया, जिससे संगठन के भीतर कोई और समर्पण की कोशिश न करे। मामले की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बालिगुड़ा एसडीपीओ शुभम भोसले के नेतृत्व में टीम ने जंगल में सर्चिंग कर शव बरामद किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। 22 लाख रुपए का था इनामी पुलिस के मुताबिक, अन्वेष पर ओडिशा सरकार ने 22 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। अधिकारी मानते हैं कि अगर वह जिंदा समर्पण करता तो पुनर्वास नीति के तहत उसे नई शुरुआत का मौका मिल सकता था। परिजनों ने शव को अपने गांव ले जाकर अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताई। दफन किए गए शव को अब परिवार खुद निकलवाकर गृह ग्राम ले जाएगा। कंधमाल एसपी हरीशा बीसी ने घटना को संगठन की अंदरूनी कलह का नतीजा बताया है। उन्होंने कहा कि, जो लोग अभी भी संगठन में हैं, वे सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर सामान्य जीवन में लौटें।


