समस्तीपुर में शुक्रवार को मंदिर में घुसकर हनुमान जी की मूर्ति को खंडित किया गया है। इसके बाद गुस्साए लोगों ने आगजनी और तोड़फोड़ की है। भीड़ ने एक मुस्लिम युवक को पोल बांधा दिया। लोगों का आरोप है कि इसी ने मंदिर में पत्थर फेंके, जिससे मूर्ति का हाथ टूट गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे ASP संजय पांडेय ने लोगों से माइकिंग कर अपील की। उन्होंने कहा- ‘युवक को छोड़ दीजिए, नहीं तो आप पर भी कार्रवाई होगी।’ इस दौरान वे गांव के कुछ लोगों से कहते दिखे कि भीड़ को समझाइए नहीं तो ये लोग खुद फंस जाएंगे। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस उसे भीड़ से छुड़ाने में सफल हुई है। घटना जिले के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के डढिया बेलार गांव की है। गांव में तनाव को देखते हुए 12 थानों की पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। ADM संजय कुमार, ASP संजय पांडेय भी मौके पर मौजूद हैं। अब कुछ तस्वीरें देखिए… ASP संजय पांडेय माइकिंग कर युवक को छोड़ने की अपील की ASP संजय पांडेय ने माइकिंग कर लोगों से कहा- ‘मंदिर में 6 अप्रैल को अष्टाजाम है। नई मूर्ति की स्थापना की जाएगी। पकड़ाए गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई भी होगी। आरोपी के साथ कोई घटना होती है तो उन पर भी कार्रवाई होगी।विवाद बढ़ाने से मना कीजिए वरना मामला उल्टा हो जाएगा। आपके हाथ का मामला है, अपने हाथ तक रखिए।’ ‘आप पुलिस पर भरोसा रखिए। कानून को अपने हाथ में मत लीजिए। बहुत बड़ी कार्रवाई हो सकती है। प्रशासन पहुंच चुका है, उसपर छोड़िए। यहां मौजूद सभी लोगों के हाथ में मोबाइल है। हर चीज रिकॉर्ड हो रहा है।’ इसके बाद स्थानीय मुखिया माइक थामकर कहा- ‘मैं मनीष बोल रहा हूं। आपका मुखिया। सभी लोग पहले अपने-अपने हाथ से लाठी हटाइए पहले। रास्ता क्लियर कीजिए।’ स्थानीय लोगों ने कहा- जानबूझकर तोड़ी मूर्ति स्थानीय युवक राहुल कुमार ने बताया- ‘सब पूजा कर के घर चले गए थे। थोड़ी देर बाद देखा तो मूर्ति टूटी थी। ग्रुप बनाकर साजिश के तहत हमला किया गया है। जानबूझकर मूर्ति तोड़ी गई है। हमने एक मुस्लिम युवक को पकड़ा है।’ आरोपी की मां बोली- बेटे की दिमागी हालत ठीक नहीं है आरोपी युवक की मां शहजादी बेगम ने बताया- मेरा बेटा 22 साल का है। वो कोई काम नहीं करता है। उसकी दिमागी हालत बहुत ज्यादा खराब है। वो अपनी दवा भी समय से नहीं खाता है। हम लोग सब्जी में दवा मिलाकर उसे खाने को देते हैं फिर भी वो नहीं खाता है। परिजनों से भी मारपीट करता है। उसके पिता की भी मौत हो चुकी है। वो चार बहनों पर अकेला भाई है। बच्चों में सबसे बड़ा है। उसने आज जो कुछ किया वो सही नहीं है। परसो भी उसने मस्जिद में घुसकर धार्मिक ग्रंथ के पन्ने फाड़ दिए थे। गुरुवार को युवक ने मस्जिद में धार्मिक ग्रंथ का पन्ना फाड़ा था ASP संजय पांडेय ने बताया- ‘कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के गांव में मंदिर में एक युवक ने पत्थर फेंककर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जाएगी। इस घटना में अन्य लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।’ ‘6 अप्रैल को अष्टजाम होगा। कमिटी जुटी हुई है। कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के साथ भी हिंसा नहीं हुई है। जांच के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी युवक ने गुरुवार शाम को मस्जिद में घुसकर धार्मिक ग्रंथ का पन्ना फाड़ दिया था।’ DM बोले- आरोपी की मानसिक स्थिति की जांच हो रही है इस मामले में समस्तीपुर DM रोशन कुशवाहा ने बताया- ‘जिस युवक पर आरोप लगा है उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक बीमार है। इस संबंध में भी मेडिकल बोर्ड गठित कर दिया गया है। उसकी मानसिक स्थिति की जांच की जाएगी। स्थिति शांतिपूर्ण है। लोगों से अपील है कि किसी भी अफवाह का भरोसा ना करें अफवाह न फैलाएं। घटनास्थल पर पुलिसबल की तैनाती है।’ ——————————————– इसे भी पढ़िए… पटना में होली पर मंदिर में तोड़फोड़:नशे में धुत युवकों ने पहुंचाया नुकसान, एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के कश्मीर गंज में होली के दिन कुछ युवकों ने नशे की हालत में शिव मंदिर में घुसकर शिवलिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया था। रविवार को इस मामले में एक युवक गिरफ्तार हुआ है। घटना शनिवार रात की है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने आरोपी युवकों को खदेड़ दिया। ग्रामीणों ने मामले में पांच नामजद और 3-4 अज्ञात युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पूरी खबर पढ़ें।


