समाधान शिविर . महासमुंद के वार्ड 6 में स्टॉल लगाकर योजनाओं की दी गई जानकारी

भास्कर न्यूज| महासमुंद सुशासन तिहार के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र का पहला समाधान शिविर आज कुंवर दिलीप सिंह जूदेव टाउन हॉल, वार्ड क्रमांक 06 में आयोजित किया गया। इस शिविर में वार्ड क्रमांक 2 से लेकर 11 तक के नागरिकों ने भाग लिया और विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई। शिविर में हितग्राहियों को राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, और विधवा पेंशन कार्ड वितरण किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद विधायक थे। अतिथियों ने सर्वप्रथम विभागीय स्टॉल का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। और हितग्राहियों से भी बातचीत की। अतिथियों ने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में रक्तचाप परीक्षण कराया। विधायक ने कहा कि प्रदेश के मुखिया श्री विष्णुदेव साय द्वारा जनता को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करना हमारा साझा लक्ष्य है। इसके लिए हम सभी को एकजुट होकर देश और प्रदेश की प्रगति के लिए कार्य करना होगा। जब सभी नागरिक मिलकर प्रयास करेंगे, तभी विकसित भारत की परिकल्पना साकार हो सकेगी और विकसित छत्तीसगढ़ बन सकेगा। शिविर में पहुंचे नागरिकों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्त परीक्षण, ब्लड प्रेशर, मधुमेह का परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें आवश्यकता अनुसार दवाइयों का वितरण किया गया। वही आयुर्वेद विभाग के स्टॉल में जनसामान्य को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए दवाइयों का वितरण किया गया। कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, लोक निर्माण, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, शिक्षा विभाग, आबकारी विभाग, जिला सहकारी, वन विभाग, श्रम विभाग, खाद्य विभाग आदिम जाति विभाग सहित अन्य विभागों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई। शिविर में छग राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश सरकार की सोच है कि आम जनता की समस्याओं का निदान उनके गांव घरों में जाकर किया जाए। जहां समस्याओं का निदान होगा। पाषर्द सीता तोंडेकर, कल्पना सूर्यवंशी, ओमिन कागजी, हरबंश सिंह ढिल्लो, सूरज नायक, मुस्ताक खान, पीयूष साहू, राहुल आवड़े, महेन्द्र सिक्का, सुधा साहू, मनीष बग्गा मौजूद थे। नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि जनता के मांग और समस्याओं के समाधान के लिए यह शिविर एक कड़ी की भांति है। जहां समस्याओं का समाधान अधिकारी करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण त्वरित एवं गंभीरता पूर्वक करने के निर्देश दिए। स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि शिविर की सार्थकता तभी है, जब लोग अपनी समस्याओं को लेकर यहां तक पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवेदनों का निराकरण अवश्य होगा। विधायक सिन्हा ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अनधिकृत रूप से आकर बसने वाले एवं प्रवासी नागरिकों की पहचान, उनके निवास की जानकारी तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि कोई भी व्यक्ति बिना उचित पंजीकरण के क्षेत्र में निवास न करे। उन्होंने पुलिस विभाग को साथ ही आवश्यकतानुसार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने आबकारी विभाग को भी सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *