समाधान शिविर में पहुंचे वनमंत्री सांसद, हितग्राहियों को चेक बांटे

भास्कर न्यूज | नारायणपुर सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदन पत्रों के मांग एवं शिकायतों का 31 मई तक समाधान शिविर आयोजित कर समाधान किया जाएगा, जिसके परिपालन में नारायणपुर ब्लाक में 8 क्लस्टर में शिविर आयोजित है। प्रथम शिविर सोमवार को ग्राम पंचायत पालकी में आयोजित किया गया, जिसमें वनमंत्री केदार कश्यप एवं बस्तर सांसद महेश कश्यप शामिल हुए। शिविर में वनमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार द्वारा ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके आंकलन के लिए सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीणों की समस्या, शिकायत एवं मांग संबंधी आवेदनों को 08 से 11 अप्रैल तक शिविर के माध्यम से आवेदन लिया गया था, जिसका निराकरण करने के लिए राज्य सरकार के निर्देशन में जिले में 14 समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 31 मई तक संपन्न होगी। शिविर के माध्यम से लोगों को राज्य सरकार के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। बस्तर सांसद ने समाधान शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी की गारंटी एवं विष्णु के सुशासन में हमारी सरकार द्वारा प्रदेश के अंतिम लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना, जल जीवन मिशन, सोलर लाईट नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से अबूझमाड़ के पहुंचविहीन गांवों तक आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में युद्ध स्तर पर कार्य किये जा रहे हैं, जिससे अबूझमाड़ क्षेत्र के विकास के सपने साकार हो रहे हैं, यही विष्णुदेव साय की सुशासन है। शिविर में 05 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश, 05 हितग्राहियों को राशन कार्ड, नक्सल पीड़ित 05 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास के प्रथम किस्त की राशि 40-40 हजार रुपये चेक के माध्यम से वितरण किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *