इंडियन नेशनल सीमेंट वर्कर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री देवराज सिंह ब्यावर पहुंचे। श्री सीमेंट परिसर में श्रमिकों ने माला, साफा, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और श्री सीमेंट मजदूर संघ के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर श्री सीमेंट मजदूर संघ की कार्यकारिणी बैठक भी आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री देवराज सिंह ने कहा कि सीमेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (CMA) और फेडरेशन के बीच होने वाले समझौते की चार वर्ष की अवधि जनवरी में पूरी हो चुकी है। नए डिमांड चार्टर के लिए वे देशभर में श्रमिक नेताओं से सुझाव ले रहे हैं, ताकि मार्च तक मालिक पक्ष के साथ सार्थक बातचीत कर नया समझौता किया जा सके। सिंह ने मांग की कि प्रत्येक संस्थान में 60 प्रतिशत स्थायी और 40 प्रतिशत अस्थायी, कैजुअल एवं ठेका श्रमिक होने चाहिए। उन्होंने वरिष्ठता के आधार पर अस्थायी श्रमिकों को स्थायी करने की बात कही। इसके अतिरिक्त, ठेका और अस्थायी श्रमिकों के लिए ई-ग्रेड या अन्य ग्रेड बनाकर उन्हें मुख्य धारा में शामिल किया जाए। श्रमिकों के लिए समयावधि और ओवरटाइम की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में संघ अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि ठेका श्रमिकों को देय न्यूनतम वेतन भी पूर्ण रूप से नहीं मिल पा रहा है। राजस्थान में न्यूनतम वेतन देश में सबसे कम है, जिसे दूर किया जाना आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि पूरे देश में केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन लागू किया जाए तथा “समान कार्य, समान वेतन” के सिद्धांत के आधार पर श्रमिकों को वेतन दिया जाए। इन सभी मांगों को डिमांड चार्टर में शामिल करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर सलीम काठात, सरदारा काठात, हुसैन काठात, जब्बार काठात, भुवनेश शर्मा, रज्जाक काठात, हमीद काठात सहित अन्य श्रमिक प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव एवं समस्याएं रखीं, जिन्हें मांग पत्र में शामिल करने का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम के दौरान भुवनेश शर्मा द्वारा ब्यावर की प्रसिद्ध तिलपपड़ी व गजक भेंट की गई, जिस पर राष्ट्रीय महामंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभा का संचालन निर्वतमान सरपंच हुसैन काठात ने किया। कार्यक्रम में गोविंद मेघवंशी, मकबूल काठात, इस्माईल काठात, मजीद काठात, मेवा काठात, शेरसिंह, राकेश कड़ीवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


