सम्पर्क पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में देरी क्यों, समय पर आमजन को राहत दें: कलेक्टर

बांसवाड़ा। सूचना एवं प्रौद्योगिकी कार्यालय के वीसी कक्ष में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव ने विभागीय अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण में हो रही देरी और ढिलाई को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर आमजन को राहत देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने भूमि आवंटन से जुड़े लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा जहां भूमि आवंटन हो चुका है, वहां कार्य तुरंत शुरू कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। गिरदावरी में कमजोर प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इसे प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पेंशन और पालनहार योजना के बकाया प्रकरणों को जल्द निपटाने के लिए कहा। बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, जनसुनवाई एवं सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के निस्तारण, एवरेज डिस्पोजल टाइम कम करने और संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाने की समीक्षा की गई। चिकित्सा उपकेन्द्रों के लिए लंबित भूमि आवंटन, लाडो प्रोत्साहन योजना, राजकीय विद्यालयों के मरम्मत कार्य, जल जीवन मिशन के तहत लंबित बिजली कनेक्शन व भूमि आवंटन, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान, आंगनवाड़ी भवन निर्माण, पं. दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा विद्युत पोल, विद्युत आपूर्ति, उच्च जोखिम विद्युत बिंदु, पीएम सूर्यघर योजना, सड़क दुर्घटनाओं, डूबने, आकाशीय बिजली गिरने या बारिश में मकान गिरने से हुई मृत्यु व घायलों को मुआवजा वितरण, क्षतिग्रस्त मकानों का आकलन, म्यूटेशन, आपसी सहमति से विभाजन, लंबित एनएफएसए आवेदन, ई-केवाईसी, बजट घोषणाओं और भूमि अवाप्ति प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। बैठक में एडीएम राजीव द्विवेदी, जिला परिषद सीईओ गोपाललाल स्वर्णकार, बांसवाड़ा एसडीएम सोनू कुमारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि उपखंड व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *