सरकारी अस्पतालों में हॉस्पिटल मैनेजर के 201 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू

स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के 181 पद भी टेंडर से भरे जाएंगे
झारखंड के मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों, अनुमंडल अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए हॉस्पिटल मैनेजर के पदों पर एक बार फिर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे पहले नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। अब राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत नए सिरे से अनुबंध के आधार पर कुल 201 पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। हॉस्पिटल मैनेजर के कुल 201 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें अनारक्षित श्रेणी के 81, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 20, अनुसूचित जनजाति के 52, अनुसूचित जाति के 20, बीसी-वन के 16 और बीसी-2 के 12 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 मार्च से शुरू होगी और 30 मार्च तक आवेदन किए जा सकेंगे। योग्यता और अनुभव अनिवार्य : इन पदों के लिए हॉस्पिटल मैनेजमेंट या हेल्थ केयर में पीजी डिप्लोमा, हॉस्पिटल मैनेजमेंट या हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन में एमबीए अथवा पब्लिक हेल्थ में स्नातकोत्तर डिग्री अनिवार्य की गई है। इसके अलावा अभ्यर्थियों के पास कम से कम तीन वर्ष का कार्यानुभव होना चाहिए। साथ ही कंप्यूटर संचालन और हॉस्पिटल मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर की जानकारी भी आवश्यक होगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 41 हजार रुपS मानदेय दिया जाएगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के 181 पदों पर भी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। इन पदों पर टेंडर के माध्यम से नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड की ओर से सूचना जारी कर दी गई है। स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों के लिए इच्छुक चिकित्सक 25 मार्च तक टेंडर भर सकते हैं। टेंडर प्रक्रिया में अधिकतम तीन लाख रुपए तक मानदेय का प्रावधान रखा गया है। साथ ही अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य संस्थानों के अधिकतम तीन विकल्प देने की सुविधा भी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इन नियुक्तियों से सरकारी अस्पतालों में प्रबंधन और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *