भास्कर न्यूज|फाजिल्का शिक्षा विभाग द्वारा अलीमको के सहयोग से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को जरूरी उपकरण वितरित करने के लिए सरकारी कन्या स्कूल फाजिल्का में कैंप लगाया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में खुशबू सवना ने विशेष तौर पर शिरकत की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों का हौसला बढ़ाने का यह बहुत ही उत्तम प्रयास है। खुशबू सवना ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के कल्याण के लिए आयोजित समारोह में पहुंचकर उन्हें खुशी मिलती है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों के अंदर हुनर और प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती है, बस जरूरत होती है इन पर ध्यान देने और इनका हौसला बढ़ाने की। उन्होंने कहा कि इन उपकरणों की मदद से जहां ये अपने दिव्यांगपन को भूल जाएंगे, वहीं अपने अंदर छिपी हुई कला को निखारने में और अधिक मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों पर खास ध्यान दिया जाए, तो वे बाकी बच्चों की तरह ऊंचे मुकाम हासिल करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।


