राज्य सरकार के वर्तमान कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर गुरुवार को बीकानेर के 324 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली। वहीं होनहार स्टूडेंट्स को टेबलेट और साइकिल उपलब्ध कराई गई। मुख्य कार्यक्रम तो जोधपुर में हुआ लेकिन बीकानेर में ऐसा ही आयोजन कर नियुक्ति पत्र का वितरण दिया गया। जोधपुर में मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राजकीय सेवाओं में नियुक्त पंद्रह हजार युवाओं को नियुक्त पत्र प्रदान किए। इसका सीधा प्रसारण रवींद्र रंगमंच पर किया गया। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने विभिन्न जिलों के नव नियुक्त सरकारी कार्मिकों से वीसी के माध्यम से संवाद किया। इस दौरान जिले में विभिन्न विभागों के 324 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। स्कूटी, साइकिल, टैबलेट एवं टूल किट वितरित
जिला शिक्षा अधिकारी गजानंद शर्मा ने बताया कि 10वीं एवं 12वीं कक्षा के 12 हजार 81 छात्राओं को साइकिल, 1 हजार 69 विद्यार्थियों को वोकेशनल एजुकेशन के तहत व्यवसायिक टूल किट, 1 हजार 68 विद्यार्थियों को टैबलेट और तीन सौ छह बालिकाओं को स्कूटी भी वितरित की जाएगी। कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित एवं मालकोश आचार्य ने किया। ये रहे उपस्थित कार्यक्रम में खाजूवाला विधायक डॉ विश्वनाथ मेघवाल, बीकानेर (पूर्व) विधायक सिद्धि कुमारी, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, बीकानेर (पश्चिम) विधायक जेठानंद व्यास, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष राम गोपाल सुथार मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान संभागीय आयुक्त वंदना सिंघवी, पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) डॉ दुलीचंद मीना, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ देवेन्द्र चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार गुप्ता, नगर निगम उपायुक्त यशपाल आहूजा उपस्थित रहे।


