सरकार द्वारा तय दरों पर ही मिले सफाई कर्मचारियों को वेतन : हरदीप सिंह गिल

भास्कर न्यूज | अमृतसर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के वाइस चेयरमैन हरदीप सिंह गिल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार ही वेतन दिया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों से जुड़े नियमों और श्रम कानूनों को पूरी सख्ती से लागू किया जाए, ताकि उनके अधिकारों की रक्षा हो सके। गिल ने शुक्रवार को डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सफाई कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम अमृतसर के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कर्मचारी से मैनुअल सफाई न करवाई जाए। यदि ऐसा कोई मामला आयोग के संज्ञान में आता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गिल ने बताया कि यदि सफाई करते समय किसी कर्मचारी की मौत हो जाती है तो सरकार की ओर से 30 लाख रुपए तक का मुआवजा दिया जाता है। बैठक में वाइस चेयरमैन ने सफाई कर्मचारी यूनियनों की समस्याएं भी सुनीं और आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों पर आयोग की ओर से कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने भरोसा दिलाया कि आयोग की ओर से दिए गए निर्देशों को पूरी तरह लागू किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *