जिले में वर्षों पहले पानी सप्लाई के लिए बिछाई गईं पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई कॉलोनियों और मोहल्लों में लगी टंकियां भी जर्जर हैं। इससे गंदा और बदबूदार पानी की सप्लाई हो रही है। जलदाय विभाग के कंट्रोल रूम पर रोजाना शिकायतें आ रही हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए जलदाय विभाग ने अब अमरुत योजना-2 के तहत भरतपुर शहर समेत नदबई, उच्चैन, बयाना, रूपवास और भुसावर में क्षतिग्रस्त राइजिंग और डिस्ट्रीब्यूशन लाइन बदली जाएंगी। नए ट्यूबवेल लगेंगें और नए कनेक्शन जारी किए जाएंगे। राज्य सरकार की ओर से 122 करोड़ रुपए मंजूर किए है, जिसमें 94 करोड़ 2 लाख रुपए भरतपुर शहर में खर्च होंगे। इस संबंध में जलदाय विभाग के तकनीकी सहायक मनोज पाराशर ने बताया कि जल्द ही टेंडर जारी कर कार्य शुरू कराया जाएगा। रूपवास के गंगा मंदिर परिसर में टंकी बनेगी। पंप हाउस का भी निर्माण होगा। 1260 मीटर लंबी क्षतिग्रस्त राइजिंग पाइप लाइन बदली जाएगी और 1830 मीटर लंबी लाइन नई पड़ेगी। नदबई: चार टंकियां और दो पंप हाउस बनेंगे नदबई में वेयर हाउस परिसर और केला विद्या मंदिर परिसर के पास स्वच्छ जलाशय का निर्माण होगा। यही पर दो टंकियां बनाई जाएंगी। साथ ही दो पंप हाउस का भी निर्माण होगा। 1990 मीटर राइजिंग लाइन बिछाई जाएगी। क्षेत्र में 36819 मीटर डिस्ट्रीब्यूशन लाइन डाली जाएगी। 152 नए जल कनेक्शन किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य कार्य भी होंगे। भुसावर: ट्यूबवेल बनेंगे नए कनेक्शन जारी होंगे भुसावर में नए ट्यूबवेल बनाए जाएंगे। पीएचईडी परिसर और मुढ़ेरा श्मशानघाट में दो स्वच्छ जलाशय व बादशाह की हौज और मुढ़ेरा श्मशान घाट में दो उच्च जलाशय बनाए जाएंगे। 2380 मीटर लंबी राइजिंग पाइप लाइन बिछेगी। बयाना : क्षतिग्रस्त लाइनें बदलेगीं, ट्यूबवेल भी लगेगा बयाना के पीएचईडी परिसर में एक स्वच्छ जलाशय, भीतर बाड़ी श्मशान कैंपस और पीएचईडी कैंपस में दो उच्च जलाशय बनाए जाएंगे। साथ ही ट्यूबवेल भी लगेगा। 7445 मीटर राइजिंग और 6945 मीटर लंबी क्षतिग्रस्त लाइन बदली जाएगी। उच्चैन : चार टंकियां बनेंगी, 995 कनेक्शन होंगे उच्चैन के श्मशान घाट और पीएचईडी परिसर में दो स्वच्छ जलाशय और यही पर दो उच्च जलाशय बनाएं जाएंगे। इसी जगह एक-एक पंप लगेगा। 1290 मीटर लंबी राइजिंग पाइप लाइन बिछाई जाएगी। वहीं 45831 मीटर लंबी राइजिंग पाइप लाइन बिछेगी। 995 घरों में नए कनेक्शन किए जाएंगे।


