सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप:कांग्रेस ने मक्कासर में जनसभा की, कहा- योजना को धीरे-धीरे समाप्त करने की कोशिश

कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा संग्राम अभियान के तहत शनिवार को ग्राम मक्कासर में एक जनसभा का आयोजन किया। इस सभा का मुख्य उद्देश्य मनरेगा योजना को सुरक्षित रखने, ग्रामीण मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और रोजगार की गारंटी को मजबूत बनाए रखने के लिए जनसमर्थन जुटाना था। सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के लिए महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना से गांवों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं और विकास कार्यों को भी गति मिली है। चौधरी ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार मनरेगा के बजट में कटौती, मजदूरी भुगतान में देरी और काम के दिनों को सीमित कर इस योजना को धीरे-धीरे समाप्त करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस इसे सफल नहीं होने देगी। पंचायत समिति के पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़ ने मनरेगा की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रोकने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने आगाह किया कि यदि यह योजना कमजोर होती है, तो इसका सीधा असर ग्रामीण गरीब परिवारों की आजीविका पर पड़ेगा। जाखड़ ने मजदूरों से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। देहात कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मजदूर, किसान और गरीब वर्ग के साथ खड़ी रही है। उन्होंने मनरेगा को कांग्रेस सरकार की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया, जिसने ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सिद्धू ने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे बदलाव मजदूर विरोधी हैं और कांग्रेस इसका हर स्तर पर विरोध करेगी। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रणवीर सिहाग ने मनरेगा को केवल एक रोजगार योजना नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा का एक मजबूत आधार बताया। उन्होंने युवाओं से मजदूरों के संघर्ष में आगे आकर भागीदारी निभाने का आग्रह किया। जनसभा में वक्ताओं ने मनरेगा के तहत मजदूरी का समय पर भुगतान, पूरे 100 दिन का रोजगार सुनिश्चित करने, जॉब कार्ड में पारदर्शिता लाने और स्थानीय स्तर पर अधिक कार्य उपलब्ध कराने की मांग की। इस अवसर पर अनिल भाम्भू, राजेंद्र तंवर, महावीर सियाग, सोमप्रकाश शर्मा, रूप सिंह, गोरीशंकर मेघवाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *