भास्कर न्यूज| कोंडागांव भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर स्कूल बंद करने की योजना को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को कोंडागांव में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने दावा किया कि प्रदेश में 10,463 स्कूल और बस्तर संभाग में 1,163 स्कूल बंद करने का निर्णय भाजपा सरकार ने ले लिया है, जिसमें कोंडागांव जिले के 397 स्कूल भी शामिल हैं। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष बिरेश ठाकुर ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में कुठाराघात बताया और कहा कि भाजपा सरकार का यह कदम सीधे तौर पर आदिवासी, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बना देगा। भाजपा सरकार चुनाव के दौरान 35,000 शिक्षकों की भर्ती का वादा कर सत्ता में आई थी, लेकिन अब युक्तियुक्तकरण के नाम पर 45,000 शिक्षक पद समाप्त कर रही है। यह रोजगार विरोधी नीति है। उन्होंने कहा कि युक्तियुक्तकरण की आड़ में भाजपा सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के बजाय स्कूलों को बंद कर रही है। कांग्रेस नेता ने याद दिलाया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने न केवल बंद स्कूलों को फिर से शुरू किया बल्कि आत्मानंद अंग्रेज़ी माध्यम स्कूलों की स्थापना भी की थी ताकि गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। वहीं भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ स्कूल बंद किए जा रहे हैं और दूसरी ओर 67 नई शराब दुकानें खोली जा रही हैं, जिससे युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में फंसता जा रहा है। कांग्रेस ने ऐलान किया कि प्रेस वार्ता के साथ प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन की शुरुआत हो गई है। आगामी दिनों में बीईओ कार्यालयों का घेराव, जिला मुख्यालयों में शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों के समक्ष धरना और बंद किए गए स्कूलों के सामने प्रदर्शन करेंगे।