भास्कर न्यूज| जशपुरनगर खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ में जशपुर जिले के विकासखंड दुलदुला के एक उभरते खिलाड़ी ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पतराटोली के कक्षा 11वीं के छात्र रूपेश चौहान ने एथलेटिक्स स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। रूपेश की सफलता की शुरुआत दुलदुला विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता से हुई। जूनियर वर्ग की 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में उन्होंने प्रथम स्थान हासिल कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनके दमदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक के लिए हुआ। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी रूपेश ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास के बल पर उन्होंने 400 मीटर दौड़ (जूनियर वर्ग) में पुनः प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस ही उनके प्रदर्शन ने दर्शकों और खेल प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। रूपेश केवल खेलों में ही नहीं, बल्कि पढ़ाई और अन्य विद्यालयीन गतिविधियों में भी अग्रणी रहते हैं। उनकी इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय के अनुभवी पीटीआई प्रभात तिग्गा का विशेष मार्गदर्शन रहा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने रूपेश को विशेष प्रशिक्षण दिया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया। भविष्य का लक्ष्य- वर्दी पहनकर देश सेवा अपनी सफलता से उत्साहित रूपेश चौहान ने बताया कि उनका लक्ष्य रक्षा क्षेत्र में जाकर देश सेवा करना है। उनका मानना है कि खेल के मैदान में सीखा अनुशासन, धैर्य और फिटनेस उनके इस सपने को साकार करने में सहायक होगा। रूपेश की उपलब्धि पर विद्यालय की प्रार्थना सभा में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। व्याख्याता रेखा बाखला, मिथलेश कुमार बीद और वी एक्का ने उन्हें प्रमाण पत्र, बैच और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय के प्राचार्य ने रूपेश को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति और शिक्षा विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी हेमंत कुमार नायक, एबीओ नरेश चौहान, बीआरसी दीपेंद्र सिन्हा, सीएसी अनंत गुप्ता सहित समस्त पीटीआई और ओलंपिक आयोजन समिति के सहयोग की सराहना की।


