वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से शनिवार को उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम बदल गया। सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर को सरगुजा संभाग के अधिकांश स्थानों पर तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में गाज गिरने से एक शिक्षक की मौत हो गई। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर छिटपुट ओले भी गिरे हैं। उत्तर छत्तीसगढ़ में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर पिछले तीन दिनों से दिखा है। शनिवार को सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद बलरामपुर और सूरजपुर जिलों में तेज बारिश हुई। एमसीबी और कोरिया जिलों में कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। दोपहर करीब 1 बजे से सरगुजा में तेज हवाओं के साथ मौसम बदला और आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान कई स्थानों पर गाज भी गिरी है। बिजली गिरने से शिक्षक की मौत
सरगुजा जिले के सीतापुर ब्लॉक अंतर्गत रजौटी चौक में बिजली गिरने से शिक्षक हरीश कुमार एक्का की मौत हो गई। शिक्षक हरीश कुमार एक्का केसला के निवासी थे। वे शनिवार को रिश्तेदारी में ग्राम तमता गए थे। वहां से लौटते समय मौसम बिगड़ने पर वे रजौटी चौक में रूककर बारिश बंद होने का इंतजार कर रहे थे। बारिश के दौरान बिजली गिरने से शिक्षक हरीश कुमार एक्का गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृत शिक्षक हरीश कुमार एक्का मैनपाट ब्लॉक के कुनकुरी मिडिल स्कूल में पदस्थ थे। दो दिनों तक रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दिख सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। दो दिनों बाद मौसम खुल सकता है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर होने के कारण मई के पहले पखवाड़े में अधिकतम एवं न्यूनतम दोनों तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया था। शनिवार को बारिश के कारण अधिकतम तापमान 30 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया गया है।