सरगुजा के बरगईं में बीती रात चार युवकों ने स्कार्पियो चला रहे युवक का गला दबाने की कोशिश की और स्कार्पियो लूटकर फरार हो गए। युवकों ने मैनपाट घूमने जाने के नाम पर स्कार्पियो की बुकिंग कराई थी। वापस आने के दौरान उन्होंने बहाने से गाड़ी रोकी थी। देर रात स्कार्पियो चालक ने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार 10 फरवरी को चार युवक अंबिकापुर पुराना बस स्टैंड पहुंचे थे। युवकों ने चारपहिया वाहन की बुकिंग के लिए कुमार कलेक्शन के सामने एक पंचर दुकान वाले से संपर्क किया। पंचर दुकान के संचालक ने भट्ठी रोड निवासी अंकित सिन्हा को फोन कर स्कार्पियो की बुकिंग के लिए कहा। अंकित सिन्हा ने बताया कि गाड़ी का ड्राइवर नहीं है। पंचर दुकान वाले ने बताया कि युवकों को मैनपाट घूमने के बाद शाम को ड्राप कर देना है। मैनपाट घूमने के बाद शाम को लूटी गाड़ी
अंकित सिन्हा ने शिकायत में बताया कि वह अपनी स्कार्पियो क्रमांक सीजी 16 सीजे 5333 वाहन स्वयं चलाकर पुराना बस स्टैंड पहुंचा। चारों युवक स्कार्पियो वाहन में सवार हो गए। उन्हें लेकर वह मैनपाट पहुंचा। मैनपाट में युवक उल्टा पानी, दलदली, टाइगर प्वाइंट एवं अन्य पर्यटन स्थल घूमने के बाद मैनपाट प्वाइंट होटल में नाश्ता करने के लिए रुके। शाम को वे वापस अंबिकापुर आने के लिए निकले। मैनपाट-दरिमा रोड में बरगईं के पास शाम करीब 7.30 बजे युवकों ने उल्टी लगने की जानकारी देकर स्कार्पियो वाहन रोकने के लिए कहा। अंकित सिन्हा ने जब गाड़ी रोकी तो सामने बैठा एक युवक एवं पीछे बैठा एक युवक गाड़ी से उतर गए। वहीं ड्राइवर के पीछे की सीट पर बैठे एक युवक ने बेल्ट से अंकित सिन्हा का गला दबाने की कोशिश की। अंकित सिन्हा किसी तरह से बेल्ट को गले से हटाने में कामयाब हो गया और गाड़ी से उतरकर बाहर भागा। युवकों ने उसे दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश की। अंकित सिन्हा सड़क किनारे गड्ढे में कूद गया एवं बचने के लिए कुछ दूर में छिप गया। स्कार्पियो में सवार युवकों ने उसका मोबाइल गाड़ी से निकालकर बाहर फेंक दिया और स्कार्पियो वाहन लेकर भाग निकले। रात करीब 9 बजे अंकित सिन्हा दरिमा थाने पहुंचा और स्कार्पियो लूटने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 309 (3) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है। कोरबा में गाड़ी छोड़कर भागे युवक
घटना की सूचना मिलने पर सक्रिय हुई पुलिस ने जिले सहित पड़ोसी जिलों की पुलिस को अलर्ट किया। देर रात सरगुजा पुलिस को स्कार्पियो वाहन द्वारा चोटिया के पास अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे में चेकपोस्ट करने की जानकारी मिली। इसकी जानकारी मिलने पर कोरबा जिले के बांगो एवं कटघोरा पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। बताया गया है कि युवक बांगो थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे से जंगल के रास्ते में स्कार्पियो वाहन खड़ी कर भाग निकले हैं। पुलिस ने स्कार्पियो वाहन को लावारिस हालत में बरामद किया कर लिया है। स्कार्पियो लूटने वाले युवकों की तलाश की जा रही है। सरगुजा पुलिस के अनुसार युवकों ने अंबिकापुर के कुछ दुकानों में रूककर खरीदी की थी। अंकित सिन्हा की निशानदेही पर उन दुकानों से सीसीटीवी फुटेज निकालने एवं युवकों की पहचान की कोशिश की जा रही है।


