सरगुजा में युवक पर डंडे और कुल्हाड़ी से हमला, मौत:शादी समारोह से लौटने के दौरान हत्या; प्रेम प्रसंग के चलते वारदात

सरगुजा जिले के ग्राम रकेली में शादी समारोह से दोस्तों के साथ लौट रहे बाइक सवार युवक पर मंगलवार रात 6 से ज्यादा युवकों ने हमला कर दिया। डंडों और कुल्हाड़ी से किए गए हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां युवक की मौत हो गई। प्रेम प्रसंग के चलते वारदात की आशंका जताई जा रही है। घटना उदयपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लटोरी निवासी सोनू यादव (29 साल) मंगलवार 6 मई की देर शाम अपने साथी महेश यादव और विजय यादव के साथ बाइक से उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरपारा शादी समारोह में शामिल होने गया था। तीनों युवक रात करीब 9 बजे वापस घर आने के लिए निकले थे। उन्हें ग्राम रकेली के पास डंडे और कुल्हाड़ी से लैस आधा दर्जन से अधिक युवकों ने रोक लिया। दो साथी भागे, युवक की मौत हमलावर युवकों ने बाइक सवारों पर डंडों से हमला कर दिया। महेश यादव और विजय यादव मौके से किसी तरह भाग निकले, उन्हें डंडे के हमले से चोटें आई हैं। हमलावर युवकों ने सोनू यादव पर डंडे और कुल्हाड़ी से कई बार हमला किया। सिर और चेहरे में कुल्हाड़ी एवं टांगी से हमला किए जाने के कारण सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल सोनू यादव को अंबिकापुर जीवन ज्योति हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सोनू यादव को मृत घोषित कर दिया। परिजन सोनू यादव का शव लेकर वापस लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां युवक का शव रखा गया है। घटना की सूचना परिजनों ने बुधवार सुबह 8.30 बजे उदयपुर थाने में दी। आरोपियों की शिनाख्त, पुलिस ने हिरासत में लिया उदयपुर थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर ने बताया कि हमलावरों में मिथलेश यादव, सुदामा यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव, प्रेम यादव, विशाल यादव और लालमन यादव शामिल हैं। हमलावरों को पुलिस ने हिरासत में लिया गया है। सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह भी लखनपुर हॉस्पिटल पहुंचे। मृतक सोनू यादव के पिता चंद्रिका यादव ने बताया कि युवक के पास करीब 20 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन था, जो गायब है। उदयपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की आशंका बताया गया है कि मृतक विजय यादव की हमलावरों के साथ प्रेम प्रसंग को लेकर पुरानी रंजिश थी। पुलिस इसकी भी तस्दीक कर रही है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *