सरगुजा में स्कार्पियो लूटने वाले गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार:मैनपाट के लिए बुकिंग कराकर वापसी में लूटा, तीन अन्य आरोपी फरार

सरगुजा जिले में स्कार्पियो वाहन को किराये में लेकर मैनपाट जाने एवं वापसी में चालक से मारपीट कर स्कार्पियो लूटकर फरार हुए युवकों में से एक को पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपी फरार हैं। लूटी हुई स्कार्पियो दूसरे दिन कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र से बरामद हो गई थी। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 10 फरवरी को 4 युवकों ने भट्ठीरोड निवासी अंकित सिन्हा की स्कार्पियो क्रमांक सीजी/ 16/ सीजे/5333 बुकिंग पर ली थी। युवकों ने पुराना बस स्टैंड में पंचर दुकान संचालित करने वाले के माध्यम से अंकित सिन्हा से संपर्क किया था। अंकित सिन्हा युवकों को लेकर मैनपाट गया। पूरे दिन मैनपाट घूमने के बाद युवक शाम को स्कार्पियो में सवार होकर वापस अंबिकापुर लौट रहे थे। बहाने से रूकवाई स्कार्पियो, लूटकर हुए फरार
मैनपाट-दरिमा रोड पर बरगईं के पास शाम करीब 7.30 बजे युवकों ने उल्टी लगने की जानकारी देकर स्कार्पियो रोकने के लिए कहा। अंकित सिन्हा ने जब गाड़ी रोकी तो सामने बैठा एक युवक और पीछे बैठा एक युवक गाड़ी से उतर गए। वहीं ड्राइवर के पीछे की सीट पर बैठे एक युवक ने बेल्ट से अंकित सिन्हा का गला दबाने की कोशिश की। अंकित सिन्हा किसी तरह से बेल्ट को गले से हटाने में कामयाब हो गया और गाड़ी से उतरकर बाहर भागा। युवकों ने उसे दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश की। अंकित सिन्हा सड़क किनारे गड्ढे में कूद गया। बचने के लिए कुछ दूर में छिप गया। स्कार्पियो में सवार युवकों ने उसका मोबाइल गाड़ी से निकालकर बाहर फेंक दिया और स्कार्पियो लेकर भाग निकले। रात करीब 9 बजे अंकित सिन्हा दरिमा थाने पहुंचा और स्कार्पियो लूटने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 309 (3) BNS के तहत केस दर्ज किया था। दूसरे दिन मिली स्कार्पियो, एक आरोपी गिरफ्तार
स्कार्पियो लूटकर भागे युवकों ने कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में स्कार्पियो को मुख्य मार्ग से हटकर वनमार्ग में खड़ा कर दिया था और भाग निकले थे। पुलिस ने वाहन को बरामद कर लिया था। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने साइबर सेल की मदद से एक आरोपी की शिनाख्त की। पुलिस ने गोविंद पटेल (21 वर्ष) निवासी अमलाई, जिला अनूपपुर मध्यप्रदेश को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। दरिमा थाना प्रभारी राजेश खलखो ने बताया कि गोविंद पटेल के साथ घटना में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी मिल गई है। वे सभी फरार हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *