सरगुजा संभाग में 2 दिन शीतलहर की चेतावनी:मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा; मैनपाट में ओस की बूंदें जमकर बर्फ बनी

छत्तीसगढ़ में आ रही शुष्क (ड्राई) हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक नीचे चला गया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में आज और कल दो दिन कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अगले 24 घंटे रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। उसके बाद न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा। मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा (9.4 डिग्री) रहा। वहीं, सरगुजा का मैनपाट कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहा है। खुले मैदान और पौधों की पत्तियों पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ बन रही हैं। इस बीच गुरुवार को यहां का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के सभी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। रायपुर में बढ़ी ठंड न्यूनतम तापमान गिरने से रात में अच्छी ठंड महसूस की जा रही है। दिन के तापमान में भी कमी आई है। आज भी तापमान गिरने से ठंड बढ़ेगी। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को रायपुर में ठंड बढ़ी है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। आज रात का पारा 12 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। सरगुजा संभाग में ऐसा रहा मौसम छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। सरगुजा संभाग के पहाड़ी इलाकों में रात का तापमान सामान्य से तीन-चार डिग्री नीचे पहुंच गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और बलरामपुर में 6.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। बस्तर में ऐसा रहा मौसम प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में ठंड कम है। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो नार्मल से 1.8 डिग्री अधिक है। वहीं बस्तर में 13.7 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। नारायणपुर में 9.02 डिग्री, दंतेवाड़ा में 12.7 डिग्री, बीजापुर में 13.5 और कांकेर में 15.7 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। ………………………. छत्तीसगढ़ में मौसम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें बलरामपुर में ठंड से युवक की मौत:सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड, मैनपाट में तापमान 3°C, पाट-मैदानी इलाकों में पड़ने लगा है पाला सरगुजा संभाग में उत्तरी शीतलहरों के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मैनपाट में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। संभाग के मैनपाट, सामरीपाट में गुरुवार सुबह पाले की चादर बिछी दिखी। मैदानी इलाकों में भी ओंस की बूंदे जमने लगी हैं। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 6.0 डिग्री पहुंच गया है। बलरामपुर में ठंड से युवक की मौत हो गई। वो रात में खुले में सोया था। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *