भास्कर न्यूज|गुमला सरस्वती शिशु विद्या मंदिर गुमला में प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां विद्यालय द्वारा हाल ही में संपन्न हुई बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले वर्तमान सत्र के भैया बहनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व छात्रों ने न केवल मेधावी भैया बहनों को सम्मानित किया बल्कि उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का शुभारंभ गुमला विभाग प्रमुख अखिलेश कुमार, स्थानीय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामकिशोर रजक, सचिव विजय बहादुर सिंह प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिन्हा तथा पूर्व छात्र परिषद के अध्यक्ष राजेश कुमार, सचिव अनमोल गुप्ता, संरक्षक संजीव मलानी, संयोजक अरविंद कुमार द्बारा दीप प्रज्वलन से हुआ। अखिलेश कुमार ने कहा आज हमारे पूर्व छात्र उन नौनिहालों को सम्मानित कर रहे हैं। जिन्होंने अपनी मेहनत से एक नया अध्याय लिखा है। पूर्व छात्र परिषद के अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि हमें अपने विद्यालय के भैया बहनों की उपलब्धियां पर गर्व है। हमने भी यहां शिक्षा ग्रहण की है और आज हमें यह देखकर खुशी हो रही है की नई पीढ़ी भी लगन और मेहनत से आगे बढ़ रही है। समारोह में सभी भैया बहनों को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए गए। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों ने इस सम्मान के लिए पूर्व छात्रों एवं विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व छात्र परिषद के संयोजक आचार्य सुदर्शन शर्मा के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर शिशु वाटिका के भैया बहनों के शारीरिक विकास के उद्देश्य से तरण ताल का उद्घाटन हुआ। स्थानीय प्रबंधन समिति के सचिव विजय बहादुर सिंह ने कहा कि तरणताल के निर्माण में पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों का उपयोग किया गया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह तरणताल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से भैया बहनों में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार होता है।


