सरायकेला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित अर्थ एनक्लेव सोसायटी में बीती रात एक बार फिर चोरी की वारदात हुई। चोरों ने फ्लैट नंबर 104 और 304 को निशाना बनाया। पिछले साल भी इन्हीं फ्लैटों समेत कुल पांच फ्लैटों में चोरी हुई थी। घटना के समय दोनों फ्लैट के मालिक बाहर गए हुए थे। फ्लैट नंबर 104 के मालिक आरए बहादुर और 304 के मालिक अपूर्व सहाय हैं। पूरी चोरी की घटना सोसायटी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। लाखों रुपए की नकदी और गहने चोरी हुए थे पिछले साल 2 मार्च को हुई चोरी में लाखों रुपए की नकदी और गहने चोरी हुए थे। एक ही सोसायटी में दोबारा चोरी की घटना और वही फ्लैट निशाना बनाए जाने से सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने फ्लैट मालिकों को दी चोरी सूचना सोसायटी के निवासियों ने फ्लैट मालिकों को घटना की सूचना दे दी है। चोरी से हुए नुकसान का आंकलन फ्लैट मालिकों के वापस आने के बाद ही हो सकेगा। आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।


