सरिया में ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की हुई मौत,चालक फरार

भास्कर न्यूज| सरिया सरिया–बागोडीह मुख्य पथ पर बुधवार सुबह ट्रक की चपेट मंे आकर बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे कोलहरिया गांव के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के तारा चुंगलो गांव निवासी रामरतन राय के 23 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है। सत्यम बगोदर स्थित रॉयल एनफील्ड शोरूम में सेल्स विभाग में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह वह शोरूम से एक नई बाइक की डिलीवरी लेकर गिरिडीह ब्रांच जा रहा था।इसी दौरान एफसीआई का अनाज लदे ट्रक ने कोलहरिया गांव के समीप अनियंत्रित होकर बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सत्यम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन और सरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए करीब 10:30 बजे शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर भेज दिया। वहीं, पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जाए और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। स्थानीय नागरिकों ने यह भी कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसी घटनाएं आगे भी होती रहेंगी। प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस और स्थायी उपाय करने की मांग की जा रही है। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *