सर्किट हाउस में वीआईपी और उनके मेहमान चुरा रहे टॉवेल-नेपकिन:सांसद, विधायक, मंत्रियों और अफसरों के नाम से बुक किए जाते हैं कमरे

राजधानी में सरकारी गेस्ट हाउस में माननीयों के लिए बुक होने वाले कमरों से टॉवेल और नेपकिन लगातार चोरी हो रहे हैं। इन कमरों में ज्यादातर उनके समर्थक रूक रहे हैं। सर्किट हाउस के कमरे खाली होने के बाद जब कर्मचारी रूम चेक करते हैं तो उसमें टॉवल और नेपकिन नहीं मिलते।
इससे सर्किट हाउस के कर्मचारियों की बेचैनी बढ़ गई है। मंगलवार को सर्किट हाउस में दो लोग ठहरे थे। कर्मचारियों ने उनके कमरे में टॉवेल नहीं रखा था। पूछने पर बताया गया कि टॉवेल और नेपकिन चोरी हो रहे हैं। इसलिए नहीं रखा। उनके पास पहले से जो टॉवेल और नेपकिन थे वे धुलाई के लिए गए हैं। वापस आने के बाद ही कमरे में देंगे। दबी जुबान में कर्मचारियों ने बताया कि सर्किट हाउस में ज्यादातर मंत्री और विधायकों के ही मेहमान ठहरते हैं। वे टॉवेल और नेपकिन अपने साथ ले जाते हैं। ऊंची एप्रोच से उनके कमरे बुक होते हैं। इस वजह से वे जानकर भी कुछ नहीं बोल पाते हैं। लोक निर्माण विभाग हर साल नेपकिन और टॉवेल की खरीदारी करता है। लेकिन इनकी संख्या हर साल कम हो जाती है। पिछले दो साल में 100 से अधिक टॉवेल और करीब 75 नेपकिन चोरी हो चुके हैं। सर्किट हाउस में कुल 48 कमरे हैं। इसकी बुकिंग कलेक्टोरेट से होती है। सर्किट हाउस में कम दाम में अच्छे कमरे मिल जाते हैं। इस वजह से वीवीआईपी और वीआईपी आते-जाते रहते हैं। यही वजह है कि यहां किसी भी समय एक भी कमरा खाली नहीं मिलता है।
यहां काम करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि सर्किट हाउस के सभी कमरे हर दिन पैक रहते हैं। कमरा खाली करवाने का भी दबाव बनाते हैं। जब विधानसभा सत्र चलता है उस समय और मारामारी होती है। इसी समय चोरी भी ज्यादा होती है।
200 टॉवेल-100 नेपकिन खरीदते हैं
सर्किट हाउस में 42 नार्मल 6 सुइट रूम हैं। इसके लिए विभाग ने पिछले दो साल में 200 टॉवेल और 100 नेपकिन की खरीदी की है। नार्मल रूम में टॉवेल तो सुइट रूम में टॉवल और नेपकिन दोनों रखे जाते हैं। सुइट रूम केवल वीवीआईपी को अलॉट किया जाता है। दोनों ही जगहों से हर महीने टॉवेल और नेपकिन चोरी हो रहे हैं।
माननीयों के नाम पर रुकते हैं उनके समर्थक
सर्किट हाउस में लोकसभा-राज्य सभा सांसद, मंत्री, विधायक, ओएसडी, अध्यक्ष, के नाम पर कमरे बुक होते हैं। लेकिन अधिकतर बार माननीयों की जगह उनके समर्थक ही आते हैं। रुम खाली करने के दौरान लोग टॉवेल और नेपकिन अपने साथ ले जाते हैं। कमरे में इतनी गंदगी फैलाते हैं कि बिना सफाई के दूसरों को कमरा अलॉट नहीं हो पाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *