देश में महिला स्वास्थ्य को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सर्विकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से इस अभियान की शुरुआत की। इसका लक्ष्य बालिकाओं और महिलाओं को सर्विकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करना है। इसी क्रम में, छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के खड़गवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राज्य स्तरीय टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में टीकाकरण केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर 14 वर्ष की पांच बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाकर प्रदेश में अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने बालिकाओं को प्रमाण पत्र दिए टीकाकरण के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने सभी बालिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने इस अवसर को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक बताया और कहा कि खड़गवां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत होना गर्व का विषय है। मंत्री ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप सर्विकल कैंसर को जड़ से समाप्त करने के लक्ष्य के साथ चलाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से प्रदेश में सर्विकल कैंसर के मामलों में कमी आएगी। इससे बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य मिल सकेगा। समय पर एचपीवी टीकाकरण से सर्विकल कैंसर खतरे कम स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर एचपीवी टीकाकरण से सर्विकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह अभियान महिला स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। सरकार की इस पहल से बीमारी की रोकथाम के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव रखी जा सकेगी।


