सलूंबर पुलिस ने 188 ठिकानों पर दी दबिश:55 टीमों ने 72 अपराधियों पर की कार्रवाई, 31 स्थाई वारंटी गिरफ्तार

सलूंबर पुलिस ने रविवार को अपराधियों के खिलाफ एक व्यापक एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान जिलेभर में 55 टीमों ने 188 ठिकानों पर दबिश दी, जिसमें कुल 72 व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई और 31 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय जयपुर और आईजी उदयपुर रेंज के निर्देश पर जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के सुपरविजन में की गई। पुलिस की 55 टीमों ने दी दबिश यह अभियान रविवार सुबह शुरू हुआ, जिसमें जिले के सभी थानों की 55 विशेष टीमों ने एक साथ मोर्चा संभाला। योजनाबद्ध तरीके से 188 संदिग्ध और वांछित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस की इस अचानक और सख्त कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया। 31 स्थाई वारंटी गिरफ्तार अभियान के तहत, 31 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर निस्तारित किया गया। इसके अतिरिक्त, धारा 170 बीएनएसएस के तहत 28 व्यक्तियों को पाबंद किया गया और 13 गिरफ्तारी वारंटों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार कुल 72 व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस विभाग ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत 8 प्रकरण दर्ज किए हैं। साथ ही, अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध 2 कार्रवाई भी की गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव ने बताया- यह विशेष अभियान अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की सघन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *