सलूंबर जिला मुख्यालय पर पंचायत आम चुनाव 2026 की तैयारियों के मद्देनजर एक वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कार्मिक प्रबंधन के लिए एम्प्लॉय मैनेजमेंट सिस्टम (ईएमएस) पोर्टल के प्रभावी संचालन पर केंद्रित थी। बैठक की अध्यक्षता सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, सलूंबर के उपनिदेशक दीपक धाकड़ ने की। इसमें समस्त विकास अधिकारी, नोडल अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। डेटा अपडेशन को चरण-दर-चरण समझाया बैठक के दौरान प्रोग्रामर भाविक पारगी ने एक पीपीटी प्रस्तुति दी। उन्होंने ईएमएस पोर्टल पर कार्मिकों के शत-प्रतिशत पंजीकरण, डेटा अपडेशन, त्रुटि सुधार और रैंडमाइजेशन प्रक्रिया को चरण-दर-चरण समझाया। लापरवाही करने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय उपनिदेशक धाकड़ ने इस बात पर जोर दिया कि पोर्टल पर दर्ज की गई सूचनाओं की शुद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही, तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आईटी टीम को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। ऑनलाइन प्रक्रिया से पता लगेगी ड्यूटी बैठक में यह भी बताया गया कि ईएमएस पोर्टल के माध्यम से कार्मिकों की ड्यूटी निर्धारण प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। सभी अधिकारियों को समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने और निर्वाचन संबंधी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इस बैठक में सलूंबर के कोषाधिकारी रवि प्रकाश लंबा, अतिरिक्त कोषाधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी व कार्मिक उपस्थित थे।


